चतरा: कोरोना जैसी वैश्विक महामारी को लेकर पूरे देशभर में एक ओर जहां सख्ती के साथ लॉकडाउन का पालन किया जा रहा है. झारखंड सरकार तथा चतरा जिला प्रशासन भी इस मामले में काफी गंभीर है, वहीं दूसरी ओर चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के कौरा गांव में सोशल डिस्टेंस की खुलेआम धज्जी उड़ायी जा रही है. यह गांव प्रतापपुर प्रखंड के ऐघारा पंचायत के अंतर्गत आता है.
गौरतलब है कि इस गांव में प्रत्येक रविवार को लगने वाला साप्ताहिक हाट व बाजार का नजारा भी देखने लायक होता है, जहां भीड़ की शक्ल में लोग एक साथ एकत्रित होकर खुलेआम सामान की खरीद बिक्री करते देखे जाते हैं. इस दौरान सुरक्षा की जरा भी इन्हें फिक्र नहीं होती है और ये अपने चेहरे को मास्क या गमछा से ढकने के बजाय खुलेआम विचरण करते देखे जाते हैं.
इस साप्ताहिक हाट में भीड़ की शक्ल में एकसाथ जुटने वालों लोग पूर्व की भांति ही आपस में मिलते है. इस साप्ताहिक हाट की एक सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां न केवल साग-सब्जियां बिकती है, बल्कि यहां एक साथ हर प्रकार के मांसाहार के साथ-साथ समोसे व पकोड़े भी बिकते है. जबकि इस प्रकार के संक्रमण काल में देश तथा राज्य में ऐसे हाट बाजार लगने पर पूर्ण प्रतिबंध है, बावजूद यहां लगातार बाजार लगता चला आ रहा है. यदि आने वाला समय में इस पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया तो परिणाम नकारात्मक रूप अख्तियार कर सकता है.

