दिल्ली: कोरोना वायरस संकट के बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत की. इस बैठक में प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन खोलने को लेकर चर्चा की. खबरों के मुताबिक बैठक में नौ राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने विचार प्रधानमंत्री के सामने रखे और कोरोना संकट को लेकर अपनी रिपोर्ट पेश की. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मेघालय और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर बाकी राज्य लॉकडाउन को तीन मई के बाद चरणबद्ध तरीके से हटाने के पक्ष में हैं. सिर्फ मेघालय और हिमाचल प्रदेश ने प्रधानमंत्री से लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की अपील की है.
सूत्रों के मुताबिक इसके बाद प्रधानमंत्री का मुख्यमंत्रियों से कहना था कि लॉकडाउन को लेकर अंतिम फैसला तीन मई तक लिया जाएगा. उन्होंने मुख्यमंत्रियों से आगे कहा कि सभी राज्यों ने बेहतर काम किया है, अब आगे सभी को लॉकडाउन खोलने को लेकर एक नीति तैयार करनी होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना था कि जो राज्य कोरोना से ज्यादा प्रभावित हैं, वहां लॉकडाउन तीन मई के बाद जारी रहेगा. साथ ही उन्होंने यह संकेत भी दिया कि जिन राज्यों में स्थिति ठीक है, वहां जिलेवार रियायत दी जा सकती है. खबरों के मुताबिक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है. भारतीय अर्थव्यस्था अच्छी स्थिति में है.

