नई दिल्ली: कांग्रेस के हंगामे के कारण लोकसभा में प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं हो सका तथा सदन की कार्यवाही दोपहर बाद 1.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी.
एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न 12.30 बजे सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई कांग्रेस के हिबी ईडन तथा कुछ अन्य सदस्य पार्टी के सात सदस्यों का निलंबन रद्द करने की मांग को लेकर अध्यक्ष के आसन के समीप आ गये. पीठासीन उपाध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल ने तुरंत सदन की कार्यवाही अपराह्न 1.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
इससे पहले सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस के सदस्य पूरे सत्र के लिए निलंबित अपने सात सदस्यों का निलंबन वापस लेने की मांग करने लगे. सदस्य ‘हमें न्याय चाहिये’ जैसे नारे लगाते हुये सदन के बीचो-बीच आ गये.
पीठासीन उपाध्यक्ष किरीट सोलंकी ने हंगामे के बीच प्रश्नकाल जारी रखने का प्रयास किया लेकिन हंगामे के कारण सदन में कुछ सुनाई नहीं दे रहा था. हंगामा बढ़ता देख सोलंकी ने सदन की कार्यवाही अपराह्न 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

