रांचीः रांची के अशोक नगर में हुए अग्रवाल बंधु हत्या कांड में मुख्य आरोपी लोकेश चौधरी ने लंबे समय बाद कोर्ट में सरेंडर किया. बताते चलें कि रांची के सबसे पॉश इलाके अशोक नगर के साधना न्यूज चैनल (जो कई महीने से बंद चल रहा था) के ऑफिस में दो सगे भाइयों की लाश मिलने के बाद मर्डर को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए थे.
लोगों के बीच पूरे मामले में कहीं ना कहीं चैनल का फ्रेंचाइजी लेनेवाले लोकेश चौधरी का नाम आ रहा था. रांची की तत्कालीन सिटी एसपी सुजाता वीणापानी ने कहा था कि शाम को लालपुर थाना क्षेत्र से पुलिस को एक मिसिंग की सूचना मिली. सूचना मिलने के बाद लगातार इन दोनों भाइयों (हेमंत अग्रवाल और महेंद्र अग्रवाल) की खोजबीन पुलिस कर रही थी. खोजबीन में इनके परिजनों का साथ भी मिल रहा था.
पुलिस को सूचना मिली कि साधना न्यूज चैनल के फ्रेंचाइजी लेनेवाले लोकेश चौधरी ने इन दोनों से पैसे लिए थे और दोनों भाई पैसे मांगने के लिए लोकेश चौधरी के पास ही आए थे. इसी खोजबीन के क्रम में अशोकनगर स्थित न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस पहुंची. पुलिस ने जब छानबीन की तो उन्होंने देखा कि दोनों भाइयों की डेड बॉडी कार्यालय के एक कमरे में पड़ी है.
सिटी एसपी ने बताया था कि उनकी हत्या गोली मार कर की गयी थी. आस-पास के लोगों ने बताया कि उन्हें बुधवार की शाम को चार गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी. एसपी ने बताया था कि ये दोनों धनबाद के रहने वाले हैं. लेकिन रांची में लालपुर में रहते थे. दोनों भाई कार्गो का काम करते थे. साथ ही सूद पर पैसा लगाने का काम भी किया करते थे.”
कई लाख रुपये का हुआ था लेनदेन
लोकेश चौधरी और अग्रवाल ब्रदर्स के बीच पैसे का लेन-देन हुआ था. कई दिनों से अग्रवाल ब्रदर्स लोकेश से अपना पैसा वापस मांग रहे थे. लोकेश हर बार पैसा लौटाने में बहानेबाजी करता था. पैसे को लेकर दोनों पक्षों में कई बार तू-तू मैं-मैं भी हुई थी. लोकेश ने उन दोनों को अशोक नगर के बंद पड़े चैनल के कार्यालय में बुलाया. जिसके बाद से ही दोनों भाई गायब चल रहे थे. फरार चल रहे लोकेश चौधरी का साधना न्यूज के साथ कॉन्ट्रक्ट घटना के तीन माह पहले ही खत्म हो गया था.

