पंजाब: पंजाब के जालंधर में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है जहां एक नाबालिग दलित लड़की के साथ आठ लोगों ने गैंगरेप किया.
जानकारी के अनुसार, लड़की एक लड़के से प्यार करती थी. लड़के ने उसे शादी का झांसा देकर बुलाया और अपने दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप किया. लड़की के परिवार वालों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आठ में से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार लड़की बेहद गरीब दलित परिवार से आती है और मुख्य आरोपी संदीप ने लड़की को पहले प्यार के जाल में फंसाया और फिर उससे शादी का वादा किया.
पुलिस ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि संदीप ने लड़की को 15 मार्च को फोन करके दूसरे दिन हरियाणा के सिरसा के मंडी दबवली बस स्टैंड बुलाया. लड़की पंजाब के किलियांवाली में संदीप के साथ चली गई. दोनों साथ में जालंधर पहुंचे और लड़का उसे जालंधर स्थित एक कमरे में ले गया.
संदीप ने अपने दोस्तों को पहले से वहां बुलाकर रखा था. सभी ने एक के बाद एक लड़की के साथ रेप किया. आरोपियों ने पीड़िता के साथ रेप करने के बाद उसे 20 मार्च को उसके घर के बाहर छोड़कर भाग गए.
एक दिन तक लड़की ने घरवालों से कुछ नहीं कहा पर दूसरे दिन उसने अपनी सारी आप बीती घरवालों से बता दी. घरवालों ने मामले की FIR लंबी थाना में दर्ज कराई. मामले पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है.

