रांची:- राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र के टटकुंदो गांव के पतराटोली में बिजली के खंभे पर चढ़े एक सिरफिरे प्रेमी को लेकर घंटो हंगामा मचता रहा. गांव के 25 वर्षीय युवक अशोक उरांव की प्रेमिका ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया था. जिसके कारण वह काफी तनाव में था. पहले अशोक रेलवे लाइन पर कूदकर जान देने का प्रयास किया था. इसके बाद वह गांव के निकट से गुजर रहे बिजली के हाईटेंशन टावर पर करीब 100 फीट ऊपर चढ़ गया. हालांकि, हाई वोल्टेज ट्रांसमिशन के लिये बनी इस टावर में पावर सप्लाई चालू नहीं थी. सूचना मिलने पर माइक व लाउडस्पीकर लगे वाहन के साथ पुलिस टावर के पास पहुंची. पुलिस माइक के जरिये काफी देर तक युवक से नीचे उतरने का अनुरोध करती रही, लेकिन वह कुछ सुनने को तैयार नहीं था. युवक की जिद्द को देखते हुये पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से गांव के बगल टोला की रहनेवाली लड़की को मौके पर बुलाया. टावर पर चढ़े युवक को जब लड़की ने शादी करने का आश्वासन दिया तब वह टावर से नीचे उतरा. जिसके बाद पुलिस ने युवक अशोक उरांव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया.
इस संबंध में मांडर थाना प्रभारी राणा जंग बहादुर सिंह ने बताया कि काफी मशक्कत के बाव टावर से उतरा. जिसके बाद उसे परिजनों को सौंपा गया. ग्रामीणों को याद आ गई फिल्म शोले की सीन मांडर के टटकुंदो, पतराटोली में बिजली के टावर पर चढ़े युवक अशोक उरांव की इस हरकत को देखकर ग्रामीणों की भीड़ वहां एकत्रित हो गई थी. यह घटनाक्रम पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
