दिल्ली: तेल कंपनियों ने दिसंबर के लिए गैस की नई कीमतों का ऐलान कर दिया है. कंपनियों ने बढ़ती महंगाई के बीच आम उपभोक्ताओं को राहत दी है. दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत 594 रुपए पर स्थिर रखी है. अन्य शहरों में इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है. इससे पहले अंतिम बार 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में जुलाई 2020 में 4 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी.
दिल्ली में 19 किलो वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर कीमत 1,241 रुपए से बढ़कर 1,296 रुपए हो गई है. कोलकाता में 19 किलो वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1,296 रुपए से बढ़कर 1,351.50 रुपए पर आ गई है. यहां भी कीमतों में 55 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई है. कोलकाता में घरेलू गैस की कीमत 620.50 रुपए यथावत रखी गई है.
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 19 किलो वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1,189.50 रुपए से बढ़कर 1,244 रुपए पहुंच गई है. यहां कीमतों में 55 रुपए प्रति सिलेंडर का इजाफा हुआ. यहां 14.2 किलोग्राम रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 594 रुपए यथावत रखी गई है.
चेन्नई में 19 किलो वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1,354.50 रुपए से बढ़कर 1,410.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है. शहर में कीमतों में 56 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई है. यहां 14.2 किलोग्राम रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 610 रुपए है.

