रांची: झारखंड में देवघर जिले के मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है. दोपहर एक बजे तक बजे तक करीब 53.67 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया.
देवघर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताय़ा कि सुबह सात बजे 487 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरू हुआ और सभी मतदान केंद्रों पर शत प्रतिशत मास्क का उपयोग किया जा रहा है.
जिला निर्वाची पदाधिकारी ने विभिन्न वेब कास्टिंग सेंटर का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया.
साथ ही उपायुक्त ने कोविड नियमों के शत प्रतिशत अनुपालन के साथ मास्क, सामाजिक दूरी व सेनेटाइजर का उपयोग करते रहने की बात कही.
इस दौरान उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि मतदान शुरू होने के पूर्व सुबह 5ः30 बजे से ही लोगों का प्रवेश मतदान केंद्र पर कराया गया.
जांच प्रक्रिया पूर्ण किए जाने के बाद मतदान कर्मी और चुनाव अभिकर्ताओं को मतदान स्थल पर प्रवेश दिया जा रहा था त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच के बाद लोगों को प्रवेश दिया गया. इसके अलावे मॉक पोल के पश्चात मतदान शुरू हुआ.

