नामांकन वापस लेने की कल अंतिम तिथि
रांची:- झारखंड में मधुपुर उपचुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में उनके आवास पर सभी गठबंधन दलों, समर्थक दलों एवं समान विचारधारा वाले दलों की बैठक आयोजित की गई.
जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि बैठक में महागठबंधन प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने के लिए रणनीति बनाई गई, जिसके तहत गठबंधन दल एवं सहयोगी दलों की एक समन्वय समिति (कोऑर्डिनेशन कमिटी) बनाई गई जो पूरे उपचुनाव के दौरान क्षेत्र में सजग रह कर महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार का निर्देशन करेंगे.
समन्वय समिति में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से बन्ना गुप्ता, राजेश ठाकुर, राजद से अभय सिंह, रंजन कुमार, सी पी आई से महेंद्र पाठक, अजय सिंह, सी पी आई (एम) से गोपिकान्त बक्शी, प्रकाश विप्लव, सी पी आई (एम एल) से जनार्दन प्रसाद, शुभेंदु सेन, झा.मु.मो. से विनोद कुमार पाण्डेय और सुप्रियो भट्टाचार्य शामिल हैं.
नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि कल
मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर उम्मीदवार 3 अप्रैल तक नामांकन वापस ले सकेंगे. इस चुनाव को लेकर आठ प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था, जिसमें से सात प्रत्याशियों का नामांकन सही पाया गया है. वहीं नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद प्रत्याशी अब चुनाव प्रचार में भी जुट गये है. भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह और झारखंड मुक्ति मोर्चा उम्मीदवार हफीजुल अंसारी लगातार जनसंपर्क अभियान में जुटे है.

