नई दिल्ली: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को एक 5 मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. इमारत के मलबे में करीब 50 से ज्यादा लोगों के फंसने की आशंका है. हालांकि देर रात तक करीब 15 लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है. हादसे में दो लोगों के मारे जाने की खबर है. राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF)का रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है.
पुलिस ने बताया कि इमारत दस साल पुरानी थी और मलबे में अभी भी करीब 18 लोगों के फंसे होने की आशंका है. उन्होंने बताया कि यह इमारत महाड तहसील के काजलपुरा में बनी थी. घटनास्थाल पर (एनडीआरएफ) द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है. बताया कि इमारत में 45 फ्लैट थे. उन्होंने बताया कि कई लोगों को इमारत के मलबे से निकाला गया है और उन्हें महाड के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो मुंबई से करीब 170 किलोमीटर दूर है.
दिल दहला देने वाला ये हादसा सोमवार शाम को हुआ, जब इमारत की 5 में से 3 मंजिलें ढह गई हैं. इस इमारत में 40 से ज्यादा फ्लैट थे, जिनमें करीब 100 लोग रहते थे. इमारत 10 से 12 साल पुरानी है. बताया जा रहा है कि हादसे से पहले इमारत की दीवारों में कंपन होने लगी थी. जिससे काफी लोग इमारत से वक्त रहते बाहर आ गई थे फिर भी कई लोग इमारत के अंदर ही फंस गए और मलबे में दबे रह गए. हादसे के बाद पुणे से NDRF की तीन टीमें हादसे वाली जगह पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. रेस्क्यू का काम रात में भी जारी रहा. मलबे से निकाले गए लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

