महाराष्ट्र: महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जितेंद्र आव्हाड कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. हाल ही में जितेंद्र आव्हाड के 14 निजी स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. इन 14 स्टाफ में 5 पुलिस कॉन्स्टेबल थे, जो उनकी सुरक्षा में तैनात हैं, जबकि बाकी 9 लोगों में उनके निजी स्टाफ, घर के नौकर और पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हैं. इसके बाद मंत्री जितेंद्र आव्हाड खुद भी क्वारंटीन हो गए थे.
एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने जानकारी दी थी कि वे एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आए थे जो बाद में कोरोना पॉजिटिव निकला था. इसके बाद उन्होंने क्वारंटीन में जाने की घोषणा की थी. जितेंद्र आव्हाड ठाणे जिले के कालवा-मुंब्रा विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं, पिछले कुछ सप्ताह में इस इलाके से कई लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं.
जितेंद्र आव्हाड एक पुलिस अधिकारी के संपर्क में आए थे, ये अधिकारी बाद में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था. इसके बाद आवास मंत्री आव्हाड ने कुछ दिनों के लिए खुद क्वारंटीन पर जाने की घोषणा की थी. कोरोना पॉजिटिव पाए गए वह राज्य के पहले मंत्री हैं. उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से भी अपील भी की थी कि वे अपने घरों में रहें और लॉकडाउन का पालन करें. इससे पहले जितेंद्र आव्हाड के संपर्क में आए पूर्व सांसद भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. ठाणे से पूर्व सांसद आनंद परांजपे का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया था.
Also Read This: तो इस वजह से Sachin Tendulkar इस साल नहीं मनाएंगे अपना जन्मदिन
बुधवार को मुंबई में केन्द्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री रामदास अठावले के बंगले पर तैनात एक कॉन्स्टेबल कोरोना पॉजिटिव पाया गया था. इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मालाबार हिल्स पर तैनात दो महिला पुलिसकर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं थीं. इसके बाद वहां तैनात 6 पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन कर दिया गया.
महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना के 778 नए केस सामने आए हैं और 14 लोगों की मौत हुई है. राज्य में कोरोना के कुल 6427 मामले हो गए हैं, जबकि 283 लोगों की जान जा चुकी है. मुंबई की बात करें तो यहां पर 24 घंटे में 522 केस सामने आए हैं और 6 लोगों की मौत हुई है. मुंबई में कोरोना के 4205 मामले हो गए हैं. यहां पर अब तक 167 लोगों की मौत हो चुकी है.

