मुंबई:- महाराष्ट्र में रोज बड़ी संख्या में सामने आ रहे कोरोना मरीजों को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि राज्य के संयंत्रों में बनने वाली सारी ऑक्सीजन को कोरोना मरीजों के इस्तेमाल के लिए आरक्षित करने पर विचार चल रहा है. ऑक्सीजन का उद्योगों में उपयोग बंद किया जा सकता है.
शनिवार को ठाकरे ने महाराष्ट्र के समाचार पत्र मालिकों, संपादकों व वितरकों के साथ ऑनलाइन चर्चा की. उन्होंने कहा कि महामारी पर नियंत्रण के कठोर उपायों पर निर्णय जल्द किया जाएगा, लेकिन उन्होंने यह पुष्टि नहीं की कि पूरे राज्य में लॉकडाउन लगाया जाएगा या नहीं. बढ़ते मरीजों को देखते हुए राज्य के लोक स्वास्थ्य विभाग ने ऑक्सीजन निर्माताओं को आदेश दिया था कि वे 80 फीसदी इस्तेमाल मेडिकल के लिए रखें और 20 फीसदी का उपयोग औद्योगिक कार्यों के लिए दें.

