दिल्ली: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की रहने वाली 22 वर्षीय सहेली पाल ने तीन लाख से अधिक माचिस की तीलियों से ताज महल का प्रतिरूप बनाया है. कृष्णानगर के घुरनी इलाके की रहने वाली सहेली पाल इस मामले में ईरान की मेसम रहमानी का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ना चाहती हैं, जिन्होंने 2013 में 1,36,951 माचिस की तीलियों से यूनेस्को का लोगो (प्रतीक चिन्ह) बनाया था.
कलकत्ता विश्वविद्यालय में एम.ए. (अंग्रेजी) की छात्रा पाल ने छह फुट लंबे चार फुट चौड़े बोर्ड पर इस कृति को बनाया है. सहेली पाल ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के दिशा-निर्देश मिलने के बाद अगस्त के मध्य में अपना काम शुरू किया था और 30 सितंबर को इसे पूरा किया.
इस कलाकृति का एक वीडियो बनाया गया है, जिसे जल्द गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारियों को भेजा जाएगा. उन्होंने कहा, ”मैंने दो रंगों की माचिस की तीलियों का इस्तेमाल किया है, ताकि रात में ताज महल का स्वरूप प्रदर्शित हो.”

