रांची: प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा आज पूर्वाह्न 11.30 बजे मकर संक्राति के शुभ अवसर पर कांग्रेस भवन, रांची में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल के नेता व मंत्री डॉ. आलमगीर आलम की उपस्थिति में दही-चूड़ा-तिलकूट का आयोजन किया गया.
इस अवसर पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व इंटक नेता स्व. बिन्देश्वरी दूबे की जयन्ती पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता व मंत्री डॉ. आलमगीर आलम ने उनके चित्र पर मार्ल्यापण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया.
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उरांव ने कहा कि मकर संक्राति के शुभ अवसर पर दही-चूड़ा-तिलकूट के लिए हमसब जुटे हैं, यह एक नई शुरूआत है. हमारा देश सभी धर्मों एवं विभिन्नताओं में एकता को समेटते हुए मानवीय रिश्तों को निरन्तर मजबूत करते हुए आगे बढ़ रहा है.
आज कांग्रेस कार्यालय में भी जाति, पाति, धर्म को छोड़कर हम यहां एकजुट हुए हैं. कोरोना महामारी के एक वर्ष के बाद कांग्रेस पार्टी एक परिवार के रूप में त्यौहार मना रही है और राज्यवासियों को प्रेम, भाईचारगी और सद्भावना का संदेश दे रही है.
देश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न नामों से आज का दिन उत्सव के रूप में मनाया जाता है. पार्टी को एकजुट रखने की कोशिश करते हुए हमारी यह जिम्मेदारी है कि पार्टी निरन्तर आगे बढ़ता रहे. मकर संक्राति का त्यौहार सबके जीवन में खुशहाली और समृद्धि लेकर आया है.
कांग्रेस विधायक दल के नेता व मंत्री आलमगीर आलम ने राज्यवासियों को मकर संक्रांति की बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा उन्होंने कहा कि सभी धर्मों को मानने वाला यह देश अपने समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को लिए हुए दुनिया को भाईचारगी और आत्मनिर्भरता का संदेश देता रहा है.
मकर संक्राति का उत्सव नए फसल और उतरायण के साथ इस बात का धोतक है कि पूरा वर्ष देश के लोगों के जीवन में खुशियां ही खुशियां हो. झारखंड की सरकार इस बात के लिए प्रयत्नशील है कि कोरोना काल के बाद जीवन और जीविका कायम रहे.
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप तुलस्यान, डॉ. गुलफाम मुजीबी, प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता छोटू, आभा सिन्हा, मो. तौसीफ, राकेश सिन्हा, संगठन प्रभारी रविन्द्र सिंह आदि शामिल थे.

