16 से 31 मार्च तक पांच प्रखंडों में मनाया जाएगा गंगा स्वच्छता पखवाड़ा
बोकारो:- समाहरणालय स्थित सभागार में शनिवार को उपायुक्त राजेश सिंह ने आगामी 16 मार्च से शुरू होने वाले गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के सफल आयोजन को लेकर बैठक की. उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी- अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश दिया.
उपायुक्त राजेश सिंह ने कहा कि मुख्यालय से प्राप्त निर्देश के अनुसार 19 मार्च को गंगा स्वच्छता पखवाड़ा का मुख्य कार्यक्रम होगा. यह कार्यक्रम बेरमो दामोदर नदी तट के समीप किया जाएगा. वहीं, इससे पूर्व 17 मार्च, 2021 को गोमियो/पेटरवार दामोदर नदी तट पर गंगा आरती, श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. इसकी तैयारी करने को कहा. साथ ही शेष दिनों के लिए सभी संबंधित प्रखंडों गोमिया, पेटरवार, चंद्रपुरा, चास एवं चंदनकियारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी/कार्यपालक दंडाधिकारी आदि को तिथिवार कार्य योजना अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद ने उपस्थित अधिकारियों को गंगा स्वच्छता पखवाड़ा आयोजन के उद्देश्य से विस्तार से अवगत करवाया. उन्होंने विभिन्न विभागों के दायित्व एवं भूमिका की जानकारी दी. पखवाड़ा में कौन – कौन से कार्यक्रम किए जा सकते हैं उसके संबंध में बताया. कहां कि पखवाड़ा के तहत दामोदर नदी की साफ – सफाई, जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, गंगा आरती, गंगा चौपाल, सरकारी एवं निजी माध्यमिक,उच्च माध्यमिक, महाविद्यालयों में प्रत्येक दिन निबंध, वाद-विवाद, चित्रांकन, स्लोगन, कविता, गायन, नृत्य, रंगोंली, कविता प्रतियोगिता आदि कार्यक्रम किया जा सकता है.उन्होंने इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक को जरुरी दिशा निर्देश दिया. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर सभी प्रखंडों को राशि उपलब्ध करा दिया गया है.,
अनुमंडल पदाधिकारी चास , शशि प्रकाश सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से दिए गए दायित्वों का निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने सूचना जनसंपर्क विभाग को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नदियों की स्वच्छता, अवैध बालू खनन से नदियों को हो रहे नुकसान, प्रदूषण आदि विषयों पर नाटक का मंचन कर स्थानीय लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया.

