लंदन:इंग्लिश फुटबॉल के इतिहास के सबसे व्यस्त सत्र में से एक होने के बावजूद मैनचेस्टर सिटी ने रिकॉर्ड 15वीं जीत दर्ज करते हुए एफए कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. पेप गार्डियोला की टीम ने गुरुवार को खेले गये इस मैच में स्वानसी को 3-1 से करारी शिकस्त दी. इसके साथ ही सिटी ने किसी शीर्ष टीम का लगातार सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड भी बनाया. इससे पहले प्रेस्टन ने 1892 में लगातार 14 जीत दर्ज की थी जबकि आर्सनल ने 1987 में यह कारनामा दोहराया था. कोरोना महामारी से फुटबॉल शेड्यूल अस्त व्यस्त होने के बाद टीमों को लगातार मैच खेलने पड़ रहे हैं. प्रीमियर लीग या घरेलू कप के मैच हर तीन चार दिन के अंतर पर हो रहे हैं.लीग के अन्य मैचों में शेफील्ड यूनाइटेड ने भी ब्रिस्टल सिटी को 1-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई. वहीं लीसेस्टर भी ब्राइटन को एक गोल से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया.
नपोली को हराकर अटलांटा फाइनल मेंगत चैम्पियन नपोली को 3-1 से हराकर अटलांटा ने इटालियन कप फुटबॉल के फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना युवेंटस से होगा. अटलांटा के लिये माटेओ पेसिना ने दो और डुवान जापाटा ने एक गोल किया. नपोली के लिये एकमात्र गोल हिरविंग लोजानो ने दागा. फाइनल 19 मई को खेला जायेगा. युवेंटस की नजरें रिकॉर्ड 14वें इटालियन कप खिताब पर है. युवेंटस ने इंटर मिलान को औसत के आधार पर 2-1 से हराकर 20वीं बार फाइनल में प्रवेश किया. वहीं अटलांटा ने 1963 से कोई खिताब नहीं जीता है लेकिन 2019 में फाइनल में पहुंची थी.
मेस्सी के 900वें मैच में बार्सीलोना हारालियोनेल मेस्सी को कैरियर के 900वें मैच में पराजय का सामना करना पड़ा जब सेविला ने कोपा डेल रे सेमीफाइनल के पहले चरण में बार्सीलोना को 2-0 से मात दी. मेस्सी ने गोल करने के कुछ मौके गंवा दिये, जिसका फायदा उठाते हुए सेविला ने लगातार आठवीं जीत दर्ज की. उसके लिये पहले हाफ में जुलेस काउंडे और दूसरे हाफ में इवान रेकिटिच ने गोल दागे. दूसरा चरण 27 फरवरी को खेला जायेगा. एक अन्य सेमीफाइनल में एथलेटिक बिलबाओ का सामना लेवांटे से होगा.

