मुंबई: बॉलीवुड इंडस्ट्री में इन दिनों कोरोना का कहर बखूबी दिखने को मिल है. इन सबके बीच कोविड-19 ने सबसे ज्यादा परेशान फिल्म जुग जुग जियो की टीम को किया है. हाल ही में इस फिल्म के स्टार्स वरुण धवन और नीतू कपूर के कोरोना पॉजिटीव होने की खबर सामने आई थी. इसके बाद फिल्म के स्टार मनीष पॉल को भी कोरोना पॉजिटीव बताया गया. हालांकि मनीष की तरफ से इस बात की कोई पुष्टि नहीं की गई थी. इस वजह से इस खबर पर असमंजस बना हुआ था. वहीं अब मनीष पॉल ने पोस्ट कर खुद के कोरोना संक्रमित होने की बात कुबूली है.
मनीष पॉल ने अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है. मनीष के अनुसार उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं और उन्हें उम्मीद है कि वो बहुत जल्द ठीक भी हो जाएंगे. एक्टर ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एक सेल्फी को शेयर करते लिखा, ‘आज मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं, लेकिन ये बेहद हल्का है. मैं जल्द वापसी करूंगा. हम सभी को अत्यधिक सावधानी बरतने की जरूरत है. बिल्कुल भी लापरवाही न करें. मेरे ठीक होने की दुआओं के लिए आप सभी का शुक्रिया.’
मनीष को जैसे ही ये पता चला कि वो कोरोना पॉजिटीव हैं वैसे ही वो शूटिंग सेट छोड़ अपने मुंबई स्थित घर वापस आ गएं और खुद को क्वारंटाइन कर लिया. एक साथ फिल्म के लगभग सभी स्टारकास्ट के कोविड-19 पॉजिटीव होने की खबर ने पूरे बॉलीवुड इंडस्ट्री में सनसनी मचा दी है. इतना ही नहीं फिल्म के डायरेक्टर राज मेहता भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. इसका नतीजा ये है कि फिल्म की शूटिंग पूरी तरह रोक दी गई है.

