दिल्ली: दुनिया वैश्विक महारी कोरोना के कहर से लगातार जूझ रही है. इस वायरस से मरने वालों की संख्या दो लाख 76 हजार से ज्यादा हो गई है और संक्रमितों की संख्या 40 लाख 12 हजार से ज्यादा हो गई है. जबकि 13 लाख 85 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं.
दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में मृतकों की संख्या 78 हजार को पार कर गई है और 13 लाख 21 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शुक्रवार को कहा कि चाहे चीन के वुहान शहर में मांसाहारी वस्तुओं के बाजार की कोरोना वायरस के पैदा होने में बड़ी भूमिका रही हो, फिर भी वह दुनियाभर में ऐसे बाजारों को बंद करने की सिफारिश नहीं करता है.
एक प्रेस ब्रीफिंग में डब्ल्यूएचओ के खाद्य सुरक्षा एवं पशु रोग विशेषज्ञ पीटर बेन एम्बारेक ने कहा कि मांसाहारी वस्तुओं के बाजार से दुनियाभर के करोड़ों लोगों को भोजन और आजीविका मिलती है और अधिकारियों को उन्हें बंद करने के बजाय उनमें सुधार लाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, भले ही कई बार उनसे इंसानों में महामारियां फैलने का डर रहता है.
बेन एम्बारेक ने कहा कि इस माहौल में खाद्य सुरक्षा कठिन है और इसलिए कई बार बाजारों में ये चीजें हमें देखने को मिलती हैं.

