साहिबगंज: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी कोदरजन्ना में पुलिस ने मंगलवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया है. शव फंदे से लटका था. पति व ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि विवाहिता ने आत्महत्या की है.
वहीं, विवाहिता के पिता का कहना है कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या की हैl पुलिस दोनों ही बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही हैl मृतिका के पिता ने दामाद समेत उसकी 3 बहनों पर दहेज प्रताड़ना के तहत हत्या का मामला दर्ज कराया है. आरोपी फरार हैं.
मृतका की पहचान बड़ी कोदर्जना निवासी भोला पासवान की पत्नी पिंकी देवी (30) के रूप में की गई. दंपती के 6 बच्चे हैं. पिंकी का शव पुलिस ने मंगलवार को घर के कमरे से संदिग्ध अवस्था में बरामद किया.
ग्रामीणों ने पुलिस काे बताया कि भोला पासवान एक शिक्षक हैं. उनकी सभी 3 बहन मायके में ही रहती है. इसके कारण परिवार में हमेशा झगड़ा और मारपीट होती थी.
इधर, पिंकी के पिता बिहार के कटिहार स्थित मनिहारी थाना क्षेत्र के दिलारपुर निवासी दिनेश मल्लिक के अनुसार, शादी के बाद ससुराल वाले दहेज में मोटी रकम की मांग को लेकर पिंकी से मारपीट करते थे. अंततः मंगलवार को बेटी को मार कर फांसी के फंदे पर लटका दिया.
वहीं, थाना प्रभारी डॉक्टर संतोष कुमार पांडे ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकता है. पिंकी के पिता के बयान पर पति और ननद समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया हैl पति समेत सभी लोग घर से फरार हैं. अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

