खास बातें:-
-
जिन पार्टियों में सरकार बनाने की क्षमता नहीं वे उग्रवाद क्या समाप्त करेंगे, क्या विकास करेंगे
-
जेएमएम ने झारखण्ड को लूटा, आरजेडी चारा खा कर होटवार जेल गया
-
रघुवर दास ने सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित किया
रांचीः सीएम रघुवर दास ने कहा है कि कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, आरजेडी अन्य दल गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ रहे हैं. कोई 40 सीट, कोई 30 सीट, कोई 20 सीट, कोई 10 सीट. भाजपा राज्य की ऐसी पार्टी है जो सभी विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रही है.
गठबंधन कर आंकड़ा जुटा, जिनमें सरकार बनाने की क्षमता नहीं. वे क्या उग्रवाद को समाप्त करेंगे, राज्य का क्या विकास करेंगे. इसका आकलन आप कर सकते हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा अब मुद्रा मोचन पार्टी बनकर रह गई है. जब जब यह सत्ता में आई झारखंड को लूटने का काम किया.

आरजेडी ने गाय का चारा खाया. आज चारा खाने वाले होटवार जेल में बंद हैं. झारखंड में यूपीए का शासन रहा, लेकिन इनकी हिम्मत नहीं थी कि झारखंड से उग्रवाद को समाप्त करें. वर्तमान सरकार ने 5 वर्ष में झारखंड से उग्रवाद को करीब-करीब समाप्त कर दिया है. यह कैसे संभव हुआ सिर्फ और सिर्फ आपकी वजह से क्योंकि आपने एक मजबूर नहीं मजबूत डबल इंजन की सरकार दी थी. सीएम शुक्रवार को सिमरिया में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे.
उग्रवादी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे
रघुवर दास ने कहा कि क्षेत्र में छोटे-छोटे ग्रुप में मुखौटा पहने उग्रवादी संगठन मुख्यधारा में लौट जाएं. आत्मसमर्पण करें. बंदूक से व्यवस्था नहीं बदलेगी. मुखौटा ओढ़ लेवी वसूलने वालों को मैं चेतावनी देता हूं. जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करें अन्यथा होटवार जेल भेजा जाएगा. सरकार की कार्यप्रणाली का आंकलन आप इस बात से कर सकते हैं कि 14 वर्ष में मात्र 5 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया जबकि 5 वर्ष के शासनकाल में 61 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया.
यूपीए ने रोका था पावर प्लांट का काम, भाजपा ने प्रारंभ करवाया-
रघुवर दास ने कहा कि टंडवा में निर्मित होने वाले पावर प्लांट का काम यूपीए की सरकार ने रोक कर रखा था. जिसे भाजपा की सरकार ने प्रारंभ करवाया. 800 मेगावाट का पावर प्लांट 2020 तक शुरू हो जाएगा. एनटीपीसी के साथ पतरातू में पावर प्लांट की स्थापना हो रही है. गोड्डा में भी पावर प्लांट बन रहा है, ताकि राज्य की बिजली की जरूरत को हम स्वयं पूरा कर सकें.
चतरा और चाईबासा में स्टील प्लांट लगने का काम भी जल्द होगा. वर्तमान सरकार की यह सोच है कि यहां के खनिज का उपयोग यही हो, बाहर ना जाए. क्योंकि यहां के खनिज को यूपीए सरकार ने चीन भेजकर घोटाला किया था.
रामलला जहां जन्म लिए मंदिर वहीं बने
रघुवर दास ने कहा कि आपके प्रचंड बहुमत के बल पर जीत सत्य की हुई और राम मंदिर निर्माण का मार्ग 150 साल बाद प्रशस्त हुआ. अब माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्णय के बाद रामलला जहां जन्म लिए मंदिर वहीं बने का हमारा नारा सार्थक हुआ.

