चाईबासा:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमण्डल के बन्दगांव थाना क्षेत्र के सिंदरीबेड़ा के मनमारु पहाड़ी में शुक्रवार की देर शाम पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई.
पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि बंदगांव क्षेत्र में पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप की मौजूदगी में व बैठक कर किसी बड़ी योजना की तैयारी किये जाने की सूचना मिली थी. उसी सूचना पर जिला व जगुआर टीम का गठन कर बताये गये खांडा जंगल में अभियान चलाया गया. जिसकी जानकारी नक्सलियों को हो गई. इसके बाद सब जोनल कमांडर अजय पूर्ति गिरोह के द्वारा पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गयी. जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों पर फायरिंग करने लगी. करीब आधे घंटे की मुठभेड़ में पुलिस को भारी पड़ता देख घने जंगल व अंधेरे का लाभ उठा कर नक्सली भाग निकले. एसपी ने बताया कि आज अहले सुबह से जंगल में दोबारा सर्च अभियान चलाया गया. जिसमें जंगल से भारी मात्रा में हथियार व गोला, बारूद , वॉकी टॉकी के अलावा तंबू और खाने पीने के सामान बरामद किये गये. एसपी ने बताया कि जब्त हथियारों में एसएलआर 1, .315 रायफल 1, पिस्टल 6, दो नाली बंदूक 1 पीस, कुल 13 पीस मैग्जीन व 169 गोलियां फोन, वाकी टॉकी बरामद हुए हैं.
मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई. वहीं पीएलएफआई नक्सलियों की संख्या कम होने की वजह से वह जंगल का फायदा उठाकर भाग गये.

