नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर ‘भारत माता की जय’ नारे को लेकर निशाना साधने पर कांग्रेस ने पलटवार किया है. पार्टी ने कहा कि इस ‘पवित्र नारे’ को तुच्छ राजनीतिक बहस में नहीं घसीटना चाहिए.
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, ‘पार्टी की आंतरिक बैठक को संबोधित करते हुए ‘भारत माता की जय’ जैसे नारे का इस्तेमाल मूर्खतापूर्ण और तुच्छ राजनीतिक बहस में नहीं किया जाना चाहिए. एक ओर आप ‘भारत माता की जय’ नारे पर बात कर रहे हैं और पार्टी की आंतरिक बैठक में अपनी चिरपरिचित शैली में इसे विकृत कर रहे हैं.
दूसरी ओर दंगा पीडि़तों को आपकी नाक के नीचे गिरफ्तार किया जा रहा है और जो अपराध करने वाले हैं उन्हें सुरक्षा मिल रही है.’ इससे पहले राज्यसभा में उप नेता प्रतिपक्ष आनंद शर्मा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री मोदी ने सिंह की टिप्पणी को सही भावना में नहीं लिया.

