दिल्ली: नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के चलते विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को लाने की शुरुआत सात मई से होगी. 7 मई से 13 मई तक विभिन्न देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सप्ताह में 64 उड़ानों का संचालन किया जाएगा.
भारतीय छात्रों समेत करीब 14 हजार 800 लोगों को वापस लाया जाएगा. इसके लिए हर दिन करीब 2000 लोगों को लाने की योजना है. फ्लाइट लेने से पहले यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जाएगी. जिन भारतीयों में खांसी, बुखार या सर्दी के लक्षण पाए जाते हैं, उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी.
यात्रा के दौरान, इन सभी यात्रियों को स्वास्थ्य मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी किए गए प्रोटोकॉल का पालन करना होगा. भारत आने के बाद इन लोगों को 14 दिनों तक अस्पताल या किसी अन्य स्थान पर क्वारंटीन में रखा जाएगा.

