रांचीः केंद्र के 3 कृषि कानून के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा ने गुरुवार को देश भर में रेल रोको आंदोलन की घोषणा की है. इसके तहत दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक देश भर में रेल को रोका जाएगा. इसका असर रांची रेल मंडल पर भी पड़ सकता है. इससे यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए रांची रेल मंडल की तरफ से तैयारियां पूरी कर ली गई है.
इस दौरान रांची से मुख्य रूप से तीन पैसेंजर गाड़ियां प्रभावित हो सकती हैं. इसमें हावड़ा से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस. ट्रेन12.45 बजे रांची स्टेशन पहुंचती और 1.45 बजे रांची से जाती है. दूसरी ट्रेन पटना जन शताब्दी एक्सप्रेस है, जो 1.15 बजे रांची आती है और 2.40 बजे यही ट्रेन पटना के लिए खुलती है. तीसरी ट्रेन एल्लेपी एक्सप्रेस है जो 3.15 बजे रांची से निकलती है. रेल मंडल के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए हर प्रकार की तैयारी की गई है. जरुरत पड़ी तो इनका रूट भी डायवर्ट किया जाएगा. रांची रेल मंडल के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि rpf की क्विक रिजर्व टीम (क्यूआरटी) को सुबह से ही अलर्ट कर दिया गया है. हर स्टेशन पर तय संख्या में क्यूआरटी को तैनात किया गया है. इसके अलावा सभी जगहों पर स्थानीय पुलिस के वरीय अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है. आगे की कार्रवाई इस बात पर निर्भर करेगी कि प्रदर्शनकारियों की संख्या कितनी है और वे किस तरह की तैयारी में आए हैं. आपात स्थिति में नजर रखने वाला रांची रेल मंडल का इमरजेंसी कंट्रोल रूम सुबह 6 बजे से ही खोल दिया गया है. यहं से हर ट्रेन का एक्टिविटी पर नजर रखी जा रही है और इसकी सूचना मंडल को दी जा रही है. अभी तक किसी प्रकार की कोई रुकावट की सूचना नहीं है. रेल मंडल के अधिकारी ने बताया कि 12 बजे के बाद हालात के आधार पर आगे के निर्णय लिए जाएंगे.

