मध्य प्रदेश के शिवपुरी में शौच के लिए गए दो बच्चों की पीट-पीटकर कर हत्या कर दी गई. इस मामले पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा और कांग्रेस को जमकर लताड़ लगाई है. उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस-बीजेपी से सवाल किया है कि वो बताए कि गरीब दलितों व पिछड़ों आदि के घरों में शौचालय की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई है?
मायावती ने ट्वीट किया, ‘देश के करोड़ों दलितों, पिछड़ों व धार्मिक अल्पसंख्यकों को सरकारी सुविधाओं से काफी वंचित रखने के साथ-साथ उन्हें हर प्रकार की द्वेषपूर्ण जुल्म-ज्यादतियों का शिकार भी बनाया जाता रहा है और ऐसे में मध्य प्रदेश के शिवपूरी में 2 दलित युवकों की नृशंस हत्या अति-दुःखद च अति-निन्दनीय.’
इसके साथ ही बसपा सुप्रीमो ने ट्वीट किया कि, ‘कांग्रेस व बीजेपी की सरकार बताए कि गरीब दलितों व पिछड़ों आदि के घरों में शौचालय की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई है? यह सच बहुत ही कड़वा है तो फिर खुले में शौच को मजबूर दलित युवकों की पीट-पीट कर हत्या करने वालों को फांसी की सजा अवश्य दिलायी जानी चाहिए.’
बता दें, मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सिरसौद थाना क्षेत्र के भावखेड़ी गांव में दो दलित बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. कहा जा रहा है कि ये बच्चे पंचायत भवन के सामने शौच कर रहे थे. आरोप है कि इन बच्चों की हत्या लाठियों से पीट-पीटकर कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है.
सिरसौद थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि, ‘इस घटना में रोशनी (12) और अविनाश (10) को गंभीर चोटें आई थीं. उन्हें जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.’
इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव है जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. परिजनों का आरोप है कि परिवार से रंजिश की वजह से हाकिम यादव और रामेश्वर यादव ने हत्याकांड को अंजाम दिया. पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों के घर का ही एक सदस्य सरपंच है और रंजिश की वजह से उन्हें अब तक सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाया. उनका आरोप है कि सरपंच ने घर में सरकारी स्कीम के तहत फ्री शौचालय भी नहीं बनने दिया. जिसकी वजह से घर वालों को शौच के लिए बाहर जाना पड़ता है.

