रांची : रांची की महापौर आशा लकड़ा ने मंगलवार को अरगोड़ा स्थित न्यू एरिया पिपर टोली के भगत लेन रोड नंबर-3 में संत मरिया स्कूल के समीप लगभग 500 मीटर पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. स्थानीय लोगों ने पूर्व में महापौर से सड़क निर्माण स्थल से आगे भी पीसीसी सड़क निर्माण कराने का आग्रह किया था. महापौर ने निरीक्षण कार्य पूरा करने के बाद स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और जल्द से जल्द पीसीसी सड़क निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया.
उन्होंने अभियंता को निर्देश दिया कि संवेदक से बात कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराएं. स्थानीय लोगों के आग्रह पर महापौर के आगमन से स्थानीय लोग काफी खुश हुए. इसके बाद महापौर ने रोड नम्बर 2 न्यू पुनदाग डीपा टोली स्थित भगत कोचा में कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. स्थानीय लोगों ने महापौर से आग्रह किया था कि पीसीसी सड़क का निर्माण 50 फीट आगे तक कराया जाए, ताकि लोगों को बारिश के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
महापौर ने कहा कि सड़क निर्माण का कार्य कर रहे संवेदक व अभियंता से बात कर इस मामले का समाधान कराया जाएगा ताकि आम जनता को इस मार्ग से आवागमन करने में किसी प्रकार की समस्या न हो. इसके बाद महापौर ने वार्ड 25 स्ट्रीट सेक्टर 6 हरमू पार्क को लेकर स्थानीय लोगों के साथ बैठक की. स्थानीय लोगों का कहना था कि पार्क का रखरखाव करने की दिशा में निर्णय लें. इस पर महापौर ने बताया जल्दी हरमू पार्क समेत अन्य पार्कों का निविदा के माध्यम से एजेंसी चयन कर रखरखाव किया जाएगा.

