शिवपुरी: आगामी विधानसभा उप निर्वाचन एवं स्थानीय निर्वाचन की तैयारियों को लेकर सोमवार को बैठक आयोजित की गई. जिसमें जिला पंचायत सीईओ एच.पी.वर्मा, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी आर.एस.बालोदिया सहित समस्त नोडल अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में सभी को सौंपे गए दायित्वों के संबंध में कलेक्टर अनुग्रहा पी ने कहा है कि सभी नोडल अधिकारी निर्वाचन के कार्यों को गंभीरता से लें और जिस विभाग के अधिकारी को जो कार्य सौंपा गया है उसके लिए अभी से तैयारी करें.
उन्होंने कहा है कि आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार सभी अधिकारी अपनी तैयारी करें. साथ ही सभी विभाग निर्वाचन ड्यूटी में लगने वाले कर्मचारियों की जानकारी भेजें, जिससे समय पर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा सके. उन्होंने शेड्यूल तैयार कर प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए हैं.

