रांची:- झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा आगामी 28 दिसम्बर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस को उत्सव के रूप से मनाने हेतु आज कांग्रेस भवन, रॉंची में एक अत्यावश्यक बैठक प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष व मंत्री डॉ0 रामेश्वर उरॉंव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई.
बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 उरॉंव ने कहा कि 135 वर्ष पुरानी पार्टी का रहा है. पार्टी के संघर्ष एवं इतिहास से नई पीढ़ी को अवगत कराने के दृष्टिकोण से अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर सभी कांग्रेसजनों को अपनी अहम् भूमिका अदा करनी है. उन्होंने कहा कि आज देश में विभाजनकारी शक्तियों से संघर्ष का दौर है. इस दौर में जिस प्रकार से आजादी के पूर्व कांग्रेसजनों ने देश को आजाद कराने के लिए महत्ती भूमिका अदा की थी, ठीक उसी प्रकार से आज भी कांग्रेसजनों को बढ़चढ़ कर कार्यक्रम को सफल बनाना होगा.
बैठक में सम्यक् विचारोपरान्त यह निर्णय लिया गया कि आगामी 28 दिसम्बर को कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में झण्डोतोलन कर तिरंगा यात्रा निकाला जायेगा, जो कांग्रेस भवन से प्रारम्भ होकर कचहरी चैक होते हुए मोरहाबादी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा के प्रतिमा स्थल बापू वाटिका के समक्ष समाप्त होगा. उक्त समापन स्थल पर वरिष्ठ कांग्रेसजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया जायेगा.
बैठक में स्टेट कोआर्डिनेटर गजेन्द्र सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार 28 दिसम्बर को पूरे प्रदेश में सोशल मीडिया द्वारा सेल्फी विद तिरंगा कैम्पेन चलाया जायेगा. विभाजनकारी शक्तियों द्वारा देश के युवाओं को फर्जी राष्ट्रवाद का सहारा लेकर जिस प्रकार से गुमराह किया जा रहा है उसके विरोध में उक्त कार्यक्रम को झारखण्ड के सभी जिला एवं प्रखण्डों तक चलाया जायेगा.

