रांची: सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए बन्धु तिर्की के मोराबादी स्थित सरकारी आवास पर आयोजित सीमित कार्यकर्ताओं की इस बैठक में दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के जिलों यथा खूंटी, रामगढ़, गुमला, सिमडेगा, रांची, लोहरदगा, लातेहार आदि से सीमित संख्या में नेताओं और प्रमुख कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था.
इस कार्यक्रम में बन्धु तिर्की के अलावा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर , संगठन प्रभारी रविंद्र सिंह और रांची ज़िला आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष बेलस तिर्की उपस्थित थे.
इसके अतिरिक्त रामगढ़ से छोटे लाल करमाली व पंचम करमाली, गुमला से अशोक उरांव व गोविंदा उरांव, लोहरदगा से आर डी उरांव व मुर्तज़ा अंसारी, खूंटी से सनिका मुंडा और रांची से अमर उरांव, मजकुर सिद्दीकी, कुलदीप तिर्की, अल्बिन, सुनील टोप्पो, जलील अंसारी, तपेश्वर यादव, शिवा कच्छप, शिव उरांव,मो. इश्तियाक, मंगा उरांव, मुन्ना मुंडा, सुधीर मिंज, नवल सिंह, जमील मल्लिक, राजन किस्पोट्टा आदि उपस्थित थे.
बैठक में कार्यकर्ताओं को हर कीमत पर धर्मनिरपेक्षता की रक्षा करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों पर लोगों के हित में काम करने के लिए कहा गया. उन्हे यह बताया गया की कोरोना काल में वह अपने स्तर से मानवता की सेवा करें.
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए तिर्की ने बताया की जैसे ही लॉकडाउन समाप्त होगा कार्यकर्ताओं का एक वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें कांग्रेस की कार्य संस्कृति की और भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी ताकि वह नए संगठन में पूरे सम्मानित और यशस्वी तरीके से अपना कार्य कर सकें.
गौरतलब है कि तिर्की झारखंड विकास पार्टी के उम्मीदवार के रूप में मांडर विधानसभा से चुनाव जीतने के बाद अपने सहयोगी प्रदीप यादव के साथ कांग्रेस की सदस्यता स्वीकार कर ली थी. उसके बाद से उनके कार्यकर्ताओं को नई पार्टी से अवगत कराना आवश्यक हो गया था. विश्व व्यापी महामारी के कारण लॉक डाउन की स्थिति में यह सम्भव नही हो पा रहा था. अंततः आज ये संक्षिप्त कार्यक्रम संभव हुआ जिसमें तिर्की ने पुराने टीम को कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों से परिचित कराया .

