जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम रविशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में आगामी 19 जनवरी 2020 को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के सफल क्रियान्वयन हेतु डिस्ट्रिक टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई.
आज के बैठक में मुख्य रूप से आगामी 19 जनवरी 2020 को पल्स पोलियो अभियान एवं इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. सिविल सर्जन द्वारा उपायुक्त को बताया गया कि इस अभियान के दौरान जिले के 385819 बच्चों का टीकाकरण किया जाना है इसके लिए कुल 2848 बूथ बनाए जाएंगे.
शहरी क्षेत्रों में 1059 जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 1789 बूथ बनाए जाएंगे. वहीं 250 मोबाइल टीम कार्य करेंगी. इस अभियान हेतु टोटल वैक्सीनेटर 6217, सहिया वैक्सीनेटर 1891 और 505 सुपरवाइजर सामूहिक रूप से कार्यरत रहेंगे. उन्होंने उपायुक्त को बताया कि 28 दिसंबर 2019 तक सभी सीएससी एवं स्वयं सेवी संगठन द्वारा इस अभियान के सफलता हेतु माइक्रो प्लान बनाकर विभाग को उपलब्ध कराया जाएगा जिसके आधार पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी.
वहीं उपायुक्त द्वारा सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि आगामी 30 दिसंबर को सभी प्रखंडों में 19 जनवरी 2020 के पल्स पोलियो अभियान की सफलता हेतु एक आवश्यक बैठक करना सुनिश्चित करें जिसमें प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय सरकारी कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य हो. मुख्य रूप से जल सहिया, स्वास्थ्य सहिया, आंगनबाड़ी सेविका/ सहायिका की भी बैठक में उपस्थिति हो ताकि इस अभियान की सफलता 100 फीसदी सुनिश्चित हो सके.
उन्होंने सिविल सर्जन को बैठकों में ग्राम प्रधान धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संगठन के प्रतिनिधियों को भी शामिल करने का निर्देश दिया. उपायुक्त द्वारा शहरी क्षेत्र के स्लम एरिया एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आदिम जनजाति बहुल क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने असंगठित क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों के आवासीय क्षेत्र में भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. इस संबंध में आगामी बैठक का आयोजन जनवरी माह के द्वितीय सप्ताह में पुनः आयोजित किया जाएगा जिसमें आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
आज के बैठक में सिविल सर्जन, डीएमओ, सभी सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक सहित अन्य पदाधिकारी सहित कई स्वयंसेवी संगठन के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे.

