रांची: शिवनारायण मोदी मारवाड़ी कन्या पाठशाला, रांची के मिडिल स्कूल से पास होकर निकली 10 छात्राओं ने झारखंड मैट्रिक बोर्ड में 90% से अधिक अंक लाकर कमाल कर दिया है.
ध्यान देनेवाली बात यह है कि ये सारी लड़कियां अति अल्प इनकम ग्रुप वाले परिवारों से आती हैं. किसी के पिता राजमिस्त्री हैं तो किसी के प्लंबर और किसी के ट्रक ड्राइवर या खोमचेवाले.
कशिश कुमारी को 96.4% ,किरण कुमारी को 94.6%, रेशमी कुमारी को 94.2% , खुशी को 94% इन चारों के साथ नेहा कुमारी, मोनिका, सिमरन, रिंकी, केशर व अन्नू कुमारी -हर एक को विद्यालय परिसर में दीनदयाल स्मृति ट्रस्ट, मारवाड़ी महिला मंच रांची एवं झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के द्वारा नगद 1100 रुपए, एक कैजुअल ड्रेस, टॉवल -नैपकिन, छाता, 6 मोटे रजिस्टर, दो कलम, कुछ उपयोगी किताबें, मास्क और ग्लव्स, सैनिटरी नैपकिन, बिस्कुट- टॉफी -नमकीन आदि के साथ आशीर्वाद पत्र देकर सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आलोक गुप्ता व इसी स्कूल की पूर्व छात्रा उनकी पत्नी अरुणा जी के साथ मारवाड़ी मंच की नीरा बथवाल, रूपा अग्रवाल, बबीता नारसरिया, शारदा ड्रोलिया व शशि डागा उपस्थित थीं. शिक्षिकाओं में माया कुमारी, गायत्री कुमारी, मीरा कुमारी, सरोज कुमारी, कविता सिन्हा उपस्थित थीं.
समस्त कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन सचिव वेद प्रकाश बागला, मार्गदर्शक प्रभाकर अग्रवाल एवं सह सचिव विजय सरायका के द्वारा किया गया.
कोविद 19 की सावधानियों के तहत मैनेजमेंट कमेटी के अन्य सदस्य एवं अन्य शिक्षिकाएं ऑनलाइन गूगल मीट पर उपस्थित थे.
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने भी सभी सफल छात्राओं को बहुत-बहुत बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है.

