दिल्ली: नए साल के जश्न की तैयारियां अभी से ही जोरो-शोर से जारी हैं. उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई स्थानों पर रविवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह के बाद इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने और घने कोहरे का अनुमान जताया है.
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि ना ही तो शराब पीना ना ही घर से बाहर निकलना अच्छा होगा. आईएमडी की एडवाइजरी में कहा गया है कि शराब ना पीएं ये आपके शरीर के तापमान को कम कर सकती है,घर के अंदर रहें, यही नहीं विटामिन सी का सेवन करने व फल खाने की भी सलाह दी गई है.
विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पडऩे वाली है, ऐसे में घर में बैठे-बैठे या नए साल की पार्टी में शराब पीना बहुत नुकसानदेह हो सकता है. ऐसा इसलिए कहा गया है चूंकि विभाग का अनुमान है कि उत्तर भारत में तेज शीत लहर चलने वाली है. परी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान में रविवार को मामूली वृद्धि दर्ज की गई.
मौसम विभाग ने कहा, 28 से 29 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग इलाकों में बहुत अधिक शीतलहर चलने का अनुमान है. इन क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाये रहने के आसार है. दिल्ली के लिए आंकड़े प्रदान करने वाली सफदरजंग वेधशाला ने रविवार सुबह न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो शनिवार को 4.6 डिग्री सेल्सियस था.
हालांकि, आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि राहत थोड़े समय के लिए होगी. कश्मीर में रविवार को शीतलहर और तेज हो गई तथा समूची घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया.
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 12 दिसंबर को हुई बर्फबारी के बाद से कश्मीर में मौसम शुष्क और सर्द बना हुआ है, जबकि रात का तापमान शून्य से नीचे रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि घाटी में अगले तीन दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उसके पिछली रात तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था. घाटी में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा.
उन्होंने कहा कि कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वर्तमान में कश्मीर ‘चिल्लई कलां’ की चपेट में है. इस दौरान 40 दिनों तक भीषण सर्दी होती है.
पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा, जबकि गुरदासपुर का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुरदासपुर पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान 3.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ नारनौल रहा.

