कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार सुबह झुग्गी में सिलेंडर ब्लास्ट होने से 5 लोग बुरी तरह झुलस गए। फायर कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार घायलों में 2 लोग 90 पर्सेंट तक जल चुके हैं। अन्य 3 में से भी 2 की हालत गंभीर है। मोतीनगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:15 बजे के आसपास झुग्गी बस्ती में सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग लगी। फायर कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी सुबह 8:20 बजे दी गई। सूचना मिलते ही अलग-अलग फायर स्टेशनों से आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंची। हालांकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को पास के आचार्य भिक्षु अस्पताल में एडमिट करा दिया था। लोगों ने मिलकर आग को भी बुझा दिया था।

घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए मोती नगर के आचार्य भिक्षु अस्पताल से उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में मोहम्मद छोटा (45), मोहम्मद साहबान (25), मोहम्मद सईद (25), शहनाज खातून (42) और एक बच्ची मुस्कान (3.5) साल की शामिल हैं। इसमें से शहनाज खातून और मुस्कान 90 पर्सेंट से अधिक जले हुए हैं। चश्मदीदों के अनुसार उन्होंने ब्लास्ट की आवाज सुनी और वह बाहर की तरफ भागे। हादसा अधिक गंभीर हो सकता था, लेकिन बारिश की वजह से आग तेजी से नहीं फैली। नहीं तो अन्य कई झुग्गियां भी चपेट में आ सकती थीं। बताया जा रहा है कि जिस झुग्गी में ब्लास्ट हुआ वहां छोटा सिलेंडर रिफिल किया जा रहा था। इसी दौरान लीकेज होने से यह हादसा हुआ। पुलिस और फायर ब्रिगेड मिलकर जांच कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आग किस वजह से लगी इसकी जांच हो रही है। इसके अलावा घटनास्थल से बड़े और छोटे दोनों सिलेंडर मिले हैं, लेकिन जांच पूरी होने से पहले यह नहीं कहा जा सकता है कि यहां सिलेंडर रिफिल हो रहे थे या नहीं।

