रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने कहा है कि झारखंड की जे एम एम गठबंधन की सरकार की कुव्यवस्था का 60 दिनों में ही पोल खुल गया जब जमशेदपुर के एम जी एम हॉस्पिटल में 50 वर्ष की महिला के साथ महिला वार्ड में सरेआम दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. यह अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है जिस पर सरकार को संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए. साथ ही दोषी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
शुक्ल ने कहा है कि जिस क्षेत्र से स्वयं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रतिनिधित्व करते हैं वहां इस प्रकार की घटना झारखंड के माथे पर कलंक है तथा इससे झारखंड जैसे राज्य जहां भाजपा की सरकार ने सुशासन देने का काम किया. वहां इस सरकार में ऐसी घटना का घटना झारखंड की बदनामी है तथा झारखंड को शर्मसार करनेवाला है. जिस पर राज्य सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए ताकि राज्य के चिकित्सालयों में निर्भीकता से महिलाएं इलाज करा सके. ऐसी घटनाओं से एक प्रकार का भय का वातावरण बना है जिसमें राज्य सरकार को चिकित्सालयों को भयमुक्त वातावरण सुलभ कराना चाहिए.
शुक्ल ने कहा है कि एम जी एम हॉस्पिटल के अधीक्षक और उस समय डयूटी पर तैनात कर्मचारियों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए जिनकी लापरवाही से ऐसी शर्मनाक घटना घटी जिससे इस चिकित्सालय की विश्वसनीयता घटी है.

