रांची: तेलंगाना से करीब 1200 प्रवासी मजदूर, विद्यार्थी और तीर्थ यात्रियों को लेकर स्पेशल ट्रेन मंगलवार सुबह कोडरमा स्टेशन पहुंची. शारीरिक दूरी का अनुपालन करते हुए यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकाला गया और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उन्हें बसों में बिठा कर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया.
इस दौरान प्रवासी यात्रियों को फूड पैकेट और पानी की बोतलें भी दी गई. स्पेशल ट्रेन से वापस लौटे लोगों ने सरकार के इस कदम की सराहना की और बताया कि लॉक डाउन के कारण दूसरे प्रदेशों में उनकी परेशानियां बढ़ गई थी लेकिन अब घर वापसी के बाद उनकी परेशानियां कम हो जाएंगी. स्पेशल ट्रेन से राज्य के 19 जिलों के प्रवासी कोडरमा स्टेशन पहुंचे हैं जिन्हें बसों पर के जरिए उनके घर के लिए रवाना किया गया.
वहीं विशाखापट्टनम से 1157 प्रवासी श्रमिक झारखंड पहुंचे. श्रमिक स्पेशल ट्रेन से झारखंड के 22 जिलों के 1157 प्रवासी मजदूर 12 मई को विशाखापट्टनम से डाल्टनगंज स्टेशन पहुंचे. कई मजदूर अपने परिवार के साथ लौटे है. जिसकी ख़ुशी उनके चेहरों पर दिख रही थी.

