-
पैदल चल रहे प्रवासी राहगीरों/ मजदूरों हेतु जिला प्रशासन ने शुरू की हेल्पलाइन तत्पर
रांची: उपायुक्त राय महिमापत रे के निर्देश पर ऐसे प्रवासी राहगीरों/ मजदूरों के लिए विशेष हेल्पलाइन शुरू की गई है, जो किसी परिस्थितिवश पैदल या साइकिल आदि से ही अपने गंतव्य की ओर चले आ रहे हैं. इस हेल्पलाइन पर स्वयं प्रवासी श्रमिक/राहगीर, आम नागरिक, सामाजिक संगठन, मीडिया के लोग या पीसीआर कर्मी पैदल चल रहे लोगों की सूचना दे सकते हैं.
जिला प्रशासन ऐसे पैदल राहगीरों की संवेदनशीलता के साथ यथासंभव मदद करेगी. तत्पर नाम से शुरू की गई इस पहल का नोडल पदाधिकारी डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार को बनाया गया है.
हेल्पलाइन को बेहतर तरीके से क्रियान्वित करने की तैयारी को लेकर उप विकास आयुक्त अनन्य मित्तल, एसडीओ बुंडू उत्कर्ष गुप्ता तथा जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र कुमार चौबे ने आज संबंधित टीम के सदस्यों, कर्मियों के साथ बैठक कर रूपरेखा तैयार की.
उपायुक्त राय महिमापत रे ने जिले के सभी पदाधिकारियों, स्वैच्छिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अपील की कि जिले की परिधि के भीतर यदि कहीं भी प्रवासी राहगीरों के परिवार या जत्थे पैदल या साइकिल द्वारा जाते हुए नजर आएं तो उन्हें पूरी संवेदनशीलता के साथ मदद करें.
सम्पर्क: ऐसे राहगीरों की जानकारी संपर्क सूत्र, लोकेशन आदि के बारे में तत्पर हेल्पलाइन 99555 89677, 98011 33966 के अलावा 1950 पर भी दी जा सकती है.

