चतरा: लॉकडाउन में फंसे झारखंड के मजदूर अब हवाई मार्ग से अपने-अपने घरों तक पहुंचेंगे. संभवतः झारखंड देश का पहला राज्य होगा, जो अपने मजदूरों को हवाई जहाज से अपने घर लाएगी.
राज्य के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने चतरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दक्षिण भारत के केरल और तेलंगाना समेत वैसे जिलों जहां कम संख्या में मजदूर फंसे हैं और उन्हें लाने ट्रेन नहीं जा सकती. उनके लिए राज्य सरकार के द्वारा हवाई जहाज की व्यवस्था की गई है.
भोक्ता ने बताया कि प्रवासी मजदूरों को लाने के लिये सभी मुकम्मल तैयारियां राज्य सरकार ने पूरी कर ली है. उन्होंने बताया कि झारखंड के पड़ोसी राज्यों बिहार, उड़ीसा, बंगाल व छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों से बसों के द्वारा मजदूरों को लाने का सिलसिला शुरू हो चुका है. जबकि अन्य राज्यों से ट्रेन के माध्यम से मजदूरों और छात्रों को भी लाया जा रहा है.
श्रम नियोजन प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में गरीबों को अनाज, मास्क, सेनिटाइजर और अन्य जरूरत की सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है.

