रांची: झारखंड के लातेहार जिले के चन्दवा थाना अंतर्गत शुक्रवार रात्रि करीब 11.30 बजे अमझरिया घाटी में उग्रवादियों द्वारा सड़क को अवरुद्ध कर वाहन पर सवार लोगों के साथ लूटपाट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम और उग्रवादियों के बीच मुकाबला हो गया. इस मुठभेड़ में झारखंड पुलिस के एक जवान शहीद हो गये.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमझरिया घाटी में उग्रवादियों द्वारा सड़क को अवरूद्ध कर वाहन पर सवार लोगों के साथ लूटपाट की जा रही थी. इस सूचना पर मौके पहुंची पुलिस टीम के घटनास्थ पर पहुंचते ही उग्रवादियों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी गयी, लेकिन पुलिस बल द्वारा बड़े सूझबूझ, अदम्य साहस, दिलेरी और बहादुरी का परिचय देते हुए उग्रवादियों से डटकर मुकाबला किया गया, जिससे उग्रवादी भागने को विवश हुए.
वहीं इस घटना में डटकर उग्रवादियों का सामना करते हुए पलामू जिला बल के आरक्षी अजय कुमार ने अपनी बहादुरी का परिचय दिया और वीरगति को प्राप्त हुए. उनकी इस सर्वोच्च बलिदान पर पुलिस मुख्यालय ने नमन किया और उनकी वीरता सदैव उनकी प्रेरणा बनी रहेगी.
झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने लातेहार जिला अंतर्गत अमझरिया घाटी में उग्रवादियों के खिलाफ मुठभेड़ में पलामू जिला बल के आरक्षी अजय कुमार के शहीद होने पर उनकी इस सर्वाच्च बलिदान पर नमन करते हुए कहा कि भगवान उनकी आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें.

