रांची: राज्य में उग्रवादी गतिविधि लगातार बढ़ रहा है. अब इससे राजधानी रांची में अछूती नहीं रही. वैसे तो राजधानी से कुछ ही दूर गांवों में उग्रवादी लेवी लेने के लिए अपनी दबिश बढ़ा रहे हैं. हद तो तब हो गयी जब टीपीसी उग्रवादियों ने राजधानी रांची स्थित राजभवन के समीप धमकी भरा पोस्टर चिपका कर चले गये वह भी बीचो-बीच रातू चौक पर. जबकि, वहां की ट्रैफिक भरी रहती है और पुलिस भी तैनात रहती है.
इसके बावजूद उग्रवादियों ने राजभवन के समीप पोस्टर चिपका कर चले गये. वो भी पुलिस प्रशासन के नाक के नीचे. इस बार उग्रवादियों ने ट्रांसपोर्ट मालिकों को निशाना बनाया है. टीपीसी उग्रवादियों ने ट्रांसपोर्ट मालिकों को धमकी देते हुए पोस्टर चिपकाया है, साथ ही बैनर भी लगाया गया है.
हालांकि, सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैनर को उतार दिया है.
उग्रवादियों के लिए सेफ जोन रही है रांची:
रांची एक बार फिर से उग्रवादियों का सेफ जोन रहा है. इन दिनों रांची के शहरी क्षेत्रों को भी ठिकाना बनाया जा रहा. रांची के हटिया, तुपुदाना, धुर्वा, रातू और पंडरा का इलाका अपराधियों की शरणस्थली बनता जा रहा है. खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, चक्रधरपुर, लातेहार, पलामू, चतरा, लोहरदगा सहित अन्य जिलों से भागकर उग्रवादी रांची का रुख कर रहे हैं. यही वजह है कि राजधानी रांची में भी उग्रवादी गतिविधियां बढ़ रही हैं.
एक दर्जन नक्सली राजधानी से हुए गिरफ्तार:
- 2 मई, 2020: झारखंड एसटीएफ ने अरगोड़ा इलाके में छिपकर रह रहे टीपीसी के सब जोनल कमेटी सदस्य सौरभ गंझू उर्फ दिनेश गंझू को गिरफ्तार किया है. दिनेश चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के गोंदा का रहने वाला था.
- 31 जनवरी, 2020: टीएसपीसी का सबजोनल कमांडर निशांत को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रांची के रातू से गिरफ्तार किया.
- 11 फरवरी, 2020: टीपीसी उग्रवादी संगठन का सक्रिया एरिया कमांडर राजेंद्र कुमार भुईया उर्फ बादल जी को पलामू पुलिस ने रांची के रातू से गिरफ्तार किया.
- 30 अक्टूबर, 2019: खूंटी पुलिस ने रांची के चुटिया इलाके में छापेमारी कर कुख्यात नक्सली हरिराम साहू को गिरफ्तार किया है. हरिराम साहू के पास से पुलिस ने दो पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया था.
- 21 अक्टूबर, 2019: तुपुदाना स्थित भारत सेवा आश्रम में खुद को अनाथ बताकर रह रहे माओवादी लालजीत गंझू को केरेडारी पुलिस ने गिरफ्तार किया.
- 14 सितंबर, 2019: तुपुदाना और टाटीसिल्वे इलाके में छापामारी कर भारी मात्रा में पुलिस ने विस्फोटक बरामद किया.
- 29 अगस्त, 2019: तुपुदाना पुलिस ने पुराना हुलहुंडू स्थित एक क्रशर के पास किराये के मकान में मजदूर बनकर रह रहे उग्रवादी सदानंद सिंह मुंडा उर्फ सदाई मुंडा को गिरफ्तार किया.
- 7 अगस्त, 2019: तुपुदाना से एक लाख के इनामी एरिया कमांडर सहित तीन पीएलएफआइ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया.
- 27 जुलाई, 2019: तुपुदाना ओपी क्षेत्र से लेवी लेने आये चार उग्रवादियों प्रेम सिंह, सनातन होरो, समीर धनवार और सुरेश मुंडा को पुलिस ने धर दबोचा.
- 25 फरवरी, 2019: पंडरा ओपी क्षेत्र के चटकपुर से 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली संतोष यादव उर्फ टाइगर को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया. मुठभेड़ में घायल होने के बाद वह अपने घर में छिपकर अपना इलाज करवा रहा था.
- 7 फरवरी, 2019: तुपुदाना पुलिस ने हजाम गांव के पास पीएलएफआइ के पूर्व एरिया कमांडर और अन्य अपराधियों को हथियार की खरीद-बिक्री करते हुए रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया.

