रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्त गढ़वा को गढ़वा निवासी घुरामन पांडेय को राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन नहीं मिलने के मामले की जांच कर सभी छुटे हुए लाभुकों को मदद पहुंचाते हुए सूचित करें.
राशन नहीं मिलने की मिली शिकायत
मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि तीन माह का अनाज वितरण हर जरूरतमंद को देने की घोषणा हुई है. लेकिन गढ़वा के महुली गांव के गरीब घुरामन पांडेय समेत सैकड़ों लोगों को कार्ड रहते अनाज नहीं मिला. ऐसे समय में भी बिचौलिये हावी हैं. मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने उपरोक्त निर्देश दिया है.
झारखण्ड के मॉडल को अन्य राज्य अपना रहें हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे राज्य में 6628 मुख्यमंत्री दीदी किचन, पुलिस थानों में सामुदायिक रसोई, मुख्यमंत्री किचन एवं कर्मठ लोगों द्वारा संचालित केंद्रों के माध्यम से लॉकडाउन में प्रत्येक दिन राज्य भर में लाखों लोगों को भोजन कराया जा रहा है. हमारे राज्य के इस मॉडल को अब अन्य राज्य सरकारें भी अपना रही हैं.

