संतोष कुमार ठाकुर,
समस्तीपुर: बिहार में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है. पुलिस की तमाम चौकसी और मुस्तैदी के बावजूद भी अपराधी वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं. राज्य में लगातार क्राइम की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस इस पर नकेल कसने में नाकामयाब ही दिख रही है. हालांकि कई मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है लेकिन अपराधियों के दिल से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है. इस वक्त ताजा ख़बर मिल रही है समस्तीपुर से जहां अपराधियों ने फिर से लूट की एक घटना को अंजाम दिया है.
बिहार के समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पुलिस चौकी के पास जहां अपराधियों ने हथियार के बल पर एक पार्सल कम्पनी के सुपरवाइजर से दो पार्सल व ब्रीफकेस में रखे 1 लाख 6 हजार 4 सौ 70 रुपये लूट लिए.
मिली जानकारी के अनुसार हाईटेक फॉर प्लस कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत चकमेहसी थाना के करुआ गांव निवासी विकास कुमार राजा चौक से ऑटो से दलसिंहसराय जा रहा था. तभी मिर्जापुर पुलिस चौकी के समीप पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर दो पार्सल व ब्रीफकेस लूट लिया और दलसिंहसराय की ओर भाग निकले.
बताया गया है की उस ब्रीफकेस में कुल एक लाख छह हजार चार सौ सत्तर रुपया थे जिसे बदमाशों ने लूट लिया. पीड़ित ने घटना की सूचना कंपनी व पुलिस को दी. एसएचओ शिवजी पासवान ने बताया कि ऑटो पर सवार पार्सल कंपनी के कर्मी से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर ब्रीफकेस छीन लिया. पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है.

