परिसंपत्तियों का भी वितरण, दिया गया भूमि का पट्टा
हजारीबाग: राज्य के हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल के 1 वर्ष पूरा होने पर हजारीबाग में भी कार्यक्रम हुआ. नए समाहरणालय भवन परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बन्ना गुप्ता, बरही विधायक उमाशंकर अकेला, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे.
मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस अवसर पर जिला में दर्जनों योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. साथ ही उन्होंने लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया. बिरहोर परिवारों को मेडिकेटेड मच्छरदानी एवं वनवासियों को वन भूमि का पट्टा प्रदान किया. अन्य कई विभागों की योजनाओं का लाभ भी जरूरतमंदों को प्रदान किया.
इस अवसर पर मंत्री श्री गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार को बदहाली मिली थी, राज्य का खजाना खाली मिला था, लेकिन हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार ने सुलझा हुआ काम करते हुए राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की सोच बेहतर मानव संसाधन निर्माण की है, इस दिशा में सरकार काम कर रही है.
पिछले 1 वर्ष के कार्यकाल की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल में अपने मजदूर भाइयों को बस से, ट्रेन से और हवाई जहाज से लाने का काम किया गया. न केवल उन्हें लाने का काम किया गया, बल्कि 3 नई योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन यापन की भी सुविधा दी गई.
भविष्य की योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार दुर्घटना में घायल होने वाले व्यक्ति के परिजनों को 100000रुपये की सहायता देने का प्रस्ताव अगले अगले कैबिनेट बैठक में ला रही है. इससे प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को लाभ होगा.
उन्होंने हजारीबाग की धरती को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की धरती कहा और कहा कि सभी लोग झारखंड के बेहतर और समृद्ध झारखंड के निर्माण के लिए सरकार के साथ कदम मिलाकर चलें. कार्यक्रम में बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, बरही विधायक उमाशंकर अकेला ने भी विचार व्यक्त किया.

