चेन्नई:- 20 अक्तूबर से चेन्नई स्थित महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में इलाजरत मंत्री जगरनाथ महतो को सोमवार को ऑर्गन जांच के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया. बावजूद रात अस्पताल में ही बिताने के बाद मंगलवार को मंत्री अस्पताल से बाहर आएंगे. इससे पहले डिस्चार्ज प्रक्रिया पूरी होने पर दक्षिण भारतीय पोशाक सफेद लूंगी व कमीज पहने मंत्री को चिकित्सकों की टीम ने गुलाब फूल भेंट कर ऑल द बेस्ट कहा. वहीं, इस दौरान मंत्री भी भावुक हो गए और चिकित्सकों की तरफ हाथ जोड़कर कर कहा कि आप सभी ने मुझे दूसरी जिंदगी दी है. मंत्री के छोटे भाई वासुदेव महतो, भतीजा दिवाकर, मंत्री प्रतिनिधि जयलाल महतो, लोकेश्वर महतो आदि भी साथ थे.
अखिलेश कुमार ने बताया कि चिकित्सकों की सलाह के अनुसार मंत्री जगरनाथ कम से कम एक सप्ताह तक चेन्नई में ही रहकर आराम करेंगे. इस दौरान फिजियोथेरेपी भी कराई जाएगी. राजकीय अतिथि गृह चेन्नई में मंत्री ठहरेंगे. यहीं से वाहनों से इधर-उधर आना-जाना भी करेंगे. ऐसे में यह भी पता चल पाएगा कि बाहरी वातावरण में सांस लेने में कोई कठिनाई तो नहीं हो रही है. यह भी बताया कि मंत्री झारखंड लौटकर सबसे पहले पारा शक्षिकों का मामला देखेंगे.

