ग्वालियर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मंत्रालय में एग्रो इंडस्ट्रीज द्वारा 2 करोड़ 64 लाख 85 हजार 618 रुपए का लाभांश चेक भेंट किया गया.
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने एमपी स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कारपोरेशन की ओर से लाभांश का चेक भेंट किया.
साथ ही मुख्यमंत्री चौहान को निगम की गतिविधियों की जानकारी भी दी. राज्य सरकार के इस सरकारी उपक्रम की कुल प्रदत्त अंश पूंजी 3 करोड़ 29 लाख 49 हजार 800 रुपए है.
इसमें राज्य शासन की अंशदान राशि दो करोड़ 9 लाख 49 हजार 800 है और भारत शासन की अंशदान राशि 1 करोड़ 20 लाख रुपए है. निगम ने वर्ष 2017- 18 में 966 .68 करोड़ का व्यवसाय किया है.
एग्रो निगम द्वारा निरंतर लाभांश का भुगतान राज्य सरकार को किया जा रहा है. इसके साथ ही राज्य शासन से प्राप्त ऋण और ब्याज का पूर्ण भुगतान पूर्व में किया जा चुका है. एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन वर्ष 2017-18 की स्थिति में 188.46 करोड़ के संचित लाभ में है.
मुख्यमंत्री चौहान को चेक भेंट किए जाने के अवसर पर प्रमुख सचिव उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण कल्पना श्रीवास्तव एवं प्रबंध संचालक एमपी एग्रो इंडस्ट्रीज कारपोरेशन श्रीकांत बनोठ भी उपस्थित थे.

