ग्वालियर: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण स्वतंत्र प्रभार एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कल शाम नई दिल्ली स्थित कृषि मंत्रालय में सौजन्य भेंट की.
राज्य मंत्री कुशवाह ने मध्यप्रदेश में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को अधिक विकसित करने के लिए शुरू किए गए प्रयासों के बारे में केंद्रीय मंत्री तोमर को जानकारी दी. साथ ही केंद्र सरकार की उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं के प्रदेश में क्रियान्वयन के बारे में भी बताया. कुशवाह ने राज्य के सभी जिलों को उद्यानिकी मिशन में सम्मिलित करने के निर्णय को क्रियान्वित करने के लिए केंद्र सरकार से और अधिक राशि दिलाने का अनुरोध केंद्रीय मंत्री तोमर से किया .
राज्य मंत्री कुशवाह ने बताया कि ग्वालियर चंबल संभाग के जिलों को उद्यानिकी मिशन में सम्मिलित होने से इन जिलों के किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा .
केंद्रीय संस्कृति मंत्री पटेल से भी मिले
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से भी राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने संस्कृति मंत्रालय पहुंचकर सौजन्य भेंट की. राज्य मंत्री कुशवाह ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के अन्तर्गत प्रदेश में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों सहित विकास के अन्य विषयों पर केंद्रीय राज्य मंत्री पटेल से चर्चा की.

