रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सह वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने चीनी सैनिकों के साथ लद्दाख की गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प में एक अफसर एवं दो जवानों के शहीद होने पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि चीनी सैना द्वारा लद्दाख में लगातार भारतीय सीमा में की जा रही घुसपैठ की खबरों ने पूरे देश में गंभीर चिंता पैदा कर दी है। भारत की सुरक्षा एवं क्षेत्रीय अखण्डता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारत को इसका मुहंतोड़ जवाब देना होगा। राष्ट्र की सुरक्षा में शहीद हुए तीनों जवानों के परिवार के साथ कांग्रेस खड़ी है। इसमें झारखंड के कुंदन ओझा साहेबगंज जिले के रहने वाले थे उनके शहादत की खबर सुनकर पूरा झारखंड स्तब्ध एवं दुःखी है।
कांग्रेस विधायक दल नेता सह मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रखने वाले जवानों की शहादत से कतई बर्दाश्त नहीं है। चीन को हमारे जवान को इस तरह मार देने का कोई अधिकार नहीं है। अब वक्त आ गया कि देश चीन की इन घुसपैठों का जवाब दे। हमारे जवान किसी खेल का हिस्सा नहीं है कि हर कुछ दिन पर सीमा की रक्षा करने में हमारे कुछ अधिकारियों एवं जवानों की जान जाती रहे। हमारे जिले के जवान कुंदन ओझा की शहादत से मन व्यथित है। उनके परिजनों के साथ इस दुःख की घड़ी में हम सब साथ खड़े हैं।
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि जवानों की शहादत का बदला जल्द लेना होगा ताकि चीन इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिमाकत भविष्य में न करे।

