रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर पश्चिमी से भारतीय जनता पार्टी द्वारा अब तक टिकट नहीं दिए जाने से नाराज राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है.
जमशेदपुर स्थित अपने आवास पर रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद सरयू राय ने जमशेदपुर पूर्वी के अलावा अपने विधानसभा क्षेत्र जमशेदपुर पश्चिमी से भी चुनाव लड़ने की घोषणा की.
सरयू राय ने दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि जमशेदपुर पूर्वी सीट से वह खुद चुनावी मोर्चा संभालेंगे, जबकि जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा सीट से उनके कार्यकर्ता और समर्थक चुनाव लड़ेंगे.
इधर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ पार्टी उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है, लेकिन मुख्य विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने सभी विपक्षी दलों के नेताओं से अपील की है कि वे जमशेदपुर पूर्वी सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में समा चुनाव लड़ने वाले सरयू राय का समर्थन करें.
हेमंत सोरेन ने कहा कि सरयू राय ने पिछले 5 सालों में रघुवर सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा कर एक अलग पहचान बनाई है.
यूपीए झारखंड को भ्रष्ट्राचार मुक्त बनाने को कृतसंकल्पित है. सरयू राय मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ते है तो इन्हें पूरा विपक्ष समर्थन दें.
गौरतलब है कि सरयू राय जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा सीट से 2014 और 2005 में विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने इस बार उनके स्थान पर किसी दूसरे नेता को टिकट देने का संकेत दिया है.
इससे नाराज सरयूू राय ने शनिवार को ही यह घोषणा कर दी थी कि भाजपा नेतृत्व अब उन्हें टिकट देने के मुद्दे पर विचार ना करें.
उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा सीट से नामांकन पत्र खरीदा है. बताया गया है कि 18 नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन सरयू राय दोनों विधानसभा सीटों के लिए पर्चा भरेंगे.

