-
विधायक सिर्फ अपने क्षेत्र ही नहीं, आसपास के लोगों को भी मदद पहुंचाएं
रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के झारखंड मामलों के प्रभारी आर0पी0एन0 सिंह ने कहा है कि यह पहला मौका है, जब सभी विधायक-सांसदों को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से संपर्क स्थापित करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि झारखंड के कई प्रवासी श्रमिक और छात्र-छात्राएं दूसरे राज्यों में फंसे है. उन्हें वापस लाने को लेकर आज भी केंद्र सरकार से बात की गयी, लेकिन केंद्र सरकार ने अनुमति देने से इंकार कर दिया है.
उन्होंने कहा कि जब किसी खास व्यक्ति को दिल्ली से आने की अनुमति दी जा सकती है, तो केंद्र सरकार को यह भी बताना चाहिए कि वे ऐसी कौन सी दवा खाकर वापस लौटे है. आम लोगों को भी आने की अनुमति क्यों नहीं दी जा सकती.
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्त्ताओं की यह जिम्मेवारी है कि हर जरुरतमंद परिवार को कैसे अधिक से अधिक मदद पहुंचायी जाए.
आरपीएन सिंह ने राज्य में कांग्रेस कोटे से सरकार में शामिल सभी मंत्रियों को यह निर्देश दिया कि वे 24 घंटे में कम से एक बार जरूर विधायकों से संपर्क करें और विधायकों से प्राप्त सुझावों पर अमल करें.
उन्होंने विधायकों से भी कहा कि वे सिर्फ अपने क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र में रहने वाले निर्धन और जरुरतमंद परिवार को कैसे मदद मिलें, इस दिशा में भी प्रयास करें.

