मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक नाबालिग प्रेमिका (15) ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली. कुछ ही दूरी पर रहने वाले नाबालिग प्रेमी (22) को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने भी खुद को आग के हवाले कर दिया. ग्रामीणों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक प्रेमिका की मौत हो गई. प्रेमी की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है. इस बीच प्रेमिका के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने चिता से शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है.
गोवर्धन के पुलिस उपाधीक्षक वरुण कुमार सिंह ने बताया कि गोवर्धन इलाके के एक गांव में 15 साल की किशोरी ने घर में अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली. जब पड़ोसियों ने उसके घर से धुआं उठता देखा तो शोर मचाया. गांव वाले जब तक बचाने की कोशिश करते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. कुछ ही दूरी पर रहने वाले नाबालिग प्रेमी को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने भी खुद को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.
पुलिस ने चिता से उठाया किशोरी का शव
लड़की की मौत के बाद परिजनों ने उसका शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की. अंतिम संस्कार के लिए लड़की चिता में आग भी लगा दी गई थी, लेकिन इसी बीच पुलिस वहां पहुंच गई. पुलिस ने जलती चिता से ही शव को बाहर निकाल लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस उपाधीक्षक का कहना है कि दोनों मामलों का आपसी संबंध उजागर होने की जानकारी सामने आ रही है.

