युवक ने इनकार किया, तो रांची स्टेशन पर उतर गयी
रांची: बिहार के मधुबनी जिला से 16वर्ष की एक नाबालिग युवती अपने बॉयफ्रेंड से मिलने के लिए घर से भाग निकली, लेकिन रास्ते में ही मोबाइल फोन पर हुई बातचीत में युवक ने जब उससे मिलने से इंकार कर दिया, तो नाबालिग युवती रांची स्टेशन पर उतर गयी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के मधुबनी जिले के मधुबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरा गांव की रहने वाली 16वर्षीय युवती शुक्रवार देर राम को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर डरी-सहमी बैठी थी. इस दौरान ‘‘नन्हे फरिश्ते’’ और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने रांची पोस्ट के पास दरभंगा-सिकंदराबाद एक्सप्रेस के चेकिंग के दौरान नाबालिग लड़की से बात की, तो महिला जवानों को युवती ने बताया कि अपने बॉयफ्रेंड से मिलने के लिए घर से भागकर सिकंदराबाद जाने वाले थी, लेकिन युवक ने आने से मना कर दिया, इसलिए वह रांची स्टेशन पर उतर गयी. युवती को सही सलामत रेलवे लाइन रांची को सुपुर्द कर दिया गया है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गयी है.
इधर, आरपीएफ ने रांची से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस से दो महिला तस्करों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. बताया गया है कि दोनों महिला तस्कर लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को काम लगाने के बहाने दिल्ली ले जा रही थी. लेकिन लड़की के भाई ने ही इसका विरोध किया और रेल मदद एप पर बचाने को गुहार लगायी. महिला तस्करों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि एक लड़की के एवज में 7 हजार रुपये मिलते हैं.

